Tuesday, February 07, 2012

कांग्रेस-बसपा में भ्रष्टाचार में आगे निकलने की होड़


जागरण संवाददाता, चन्दौसी : कांग्रेस व बसपा में भ्रष्टाचार के मामले में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी हुई है। दलित मुख्यमंत्री के राज में सबसे अधिक दलितों का ही शोषण हुआ है। यह बात भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय सह प्रशिक्षण प्रभारी शांत प्रकाश जाटव ने प्रेस वार्ता के दौरान कही।
केन्द्र सरकार अब तक कई घोटाले कर चुकी है। इसीलिए अब कांग्रेस घोटालों की सरकार बन कर रह गई है। कामन वैल्थ गेम घोटाला, टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाले में केन्द्र सरकार पूरी तरह डूबी हुई है। उन्होंने बताया कि चीनी को पहले विदेश में बेचा गया। कमी होने पर वही चीनी दुगने-तिगने दाम में विदेशों से खरीदी गई आखिर क्यों। स्टाम्प घोटाले में शामिल नेता आज भी केन्द्र सरकार व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बने बैठे हैं। प्रदेश की मुखिया ने दो लाख 54 हजार करोड़ के घोटाले इन पांच वर्षो में किये हैं। 100 घोटालों को लेकर भाजपा न्यायालय गई है। हाल ही में चीनी मिलों में भी खेल खेला गया। 75 में 13 चीनी मिलें मायावती सरकार ने बीमार घोषित कर दीं और नीलामी की योजना बनाई। इनकी कीमत 20 हजार करोड़ निर्धारित की गई। 13 मिलों में से सात पहले ही पोंटी चड्ढा को दे दी गईं। इस तरह से 20 हजार करोड़ की मिलें 280 करोड़ रुपये में नीलाम कर दी गई। बसपा सरकार में ही दलितों का सबसे अधिक उत्पीड़न हुआ है। सपा को लेकर कहा कि सपा सरकार बनाने की दौड़ से बाहर है। बाबू सिंह कुशवाहा को लेकर उन्होंने कहा कि यह भाजपा की राजनीति का हिस्सा है। उनके आने से निश्चित ही लाभ मिलेगा।

No comments:

Post a Comment